आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है. नए सीजन से पहले फैंस के बीच पुराने रिकॉर्ड्स की चर्चा भी तेज हो गई है. इसी कड़ी में सबसे ज्यादा चर्चा है आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक के रिकॉर्ड की. इस सूची में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल सबसे ऊपर हैं, जिन्होंने सिर्फ 13 गेंदों में फिफ्टी पूरी कर इतिहास रच दिया था.
यशस्वी के नाम सबसे बड़ा रिकॉर्ड
आईपीएल इतिहास में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम दर्ज है. यशस्वी ने यह कमाल 11 मई 2023 को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डन्स में किया था. उस मैच में उन्होंने 13 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और बाद में 98 रन की शानदार पारी खेली. उनकी इस पारी में चौकों-छक्कों की बारिश देखने को मिली. खास बात यह रही कि उन्होंने शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बनाया और मैच का रुख बदल दिया.
केएल राहुल भी पीछे नहीं
इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर केएल राहुल हैं, जिन्होंने 8 अप्रैल 2018 को पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सिर्फ 14 गेंदों में फिफ्टी जड़ी थी. राहुल की बल्लेबाजी हमेशा टाइमिंग और क्लास के लिए जानी जाती है, लेकिन उस मैच में उन्होंने विस्फोटक अंदाज भी दिखाया था. उनकी यह पारी आज भी आईपीएल की सबसे यादगार पारियों में गिनी जाती है.
पैट कमिंस
इस लिस्ट में सबसे हैरान करने वाला नाम पैट कमिंस का हैं. उन्होंने 6 अप्रैल 2022 को कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ सिर्फ 14 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था. कमिंस ने उस दिन दिखाया कि तेज गेंदबाज भी बल्ले से मैच पलट सकते हैं.
रोमारियो शेफर्ड
चौथे नंबर पर रोमारियो शेफर्ड का नाम है. उन्होंने 3 मई 2025 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 14 गेंदों में फिफ्टी ठोक दी थी. यह पारी इसलिए भी खास रही क्योंकि इसमें उन्होंने दबाव भरे मुकाबले में तेजी से रन बटोरे थे.
यूसुफ पठान
पांचवें नंबर पर यूसुफ पठान हैं, जिन्होंने 24 मई 2014 को कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से ये कारनामा किया था. उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक ठोकी थी.
आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या इस सीजन कोई बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड तोड़ पाएगा. 28 मार्च से शुरू होने वाले नए सीजन में फैंस को फिर ऐसे कई तूफानी अंदाज देखने की उम्मीद है.
.