बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर अपने नए इन्वेस्टमेंट को लेकर चर्चा में हैं. फिल्मों के अलावा बिग बी रियल एस्टेट में भी लगातार इन्वेस्ट कर रहे हैं. इसी बीच उन्होंने अब उत्तर प्रदेश के अयोध्या में करीब 35 करोड़ रुपये की जमीन खरीदी है. बताया जा रहा है कि ये जमीन 2.67 एकड़ में फैली हुई है और इसे उन्होंने रियल एस्टेट कंपनी द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा (HoABL) से खरीदा है. अयोध्या में बिग बी का यह तीसरा बड़ा इन्वेस्टमेंट माना जा रहा है.
अयोध्या बनेगा इन्वेस्टमेंट का केंद्र
कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, ये जमीन ‘द सरयू’ नाम के बड़े प्रोजेक्ट के पास स्थित है. ये प्रोजेक्ट लगभग 75 एकड़ में फैला हुआ है और आने वाले समय में इसे लग्जरी और प्रीमियम डेवलपमेंट के तौर पर विकसित किया जा रहा है. इस जमीन की खरीद से जुड़े कागजात बिग बी की कंपनी एबी कॉरपोरेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश यादव ने पूरे किए हैं. रियल एस्टेट कंपनी के चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा का कहना है कि अमिताभ बच्चन के इन्वेस्टमेंट से अयोध्या आने वाले समय में इन्वेस्टमेंट के लिए बहुत बड़ा केंद्र बन सकता है. जमीन सिर्फ संपत्ति नहीं होती, बल्कि ये एक विरासत भी होती है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखी जाती है. अयोध्या जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक शहर में निवेश का महत्व और भी बढ़ जाता है.
बिग बी ने अयोध्या में किया तीसरा इन्वेस्टमेंट
बता दें, ये पहली बार नहीं है जब अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में जमीन खरीदी हो. इससे पहले मई 2025 में उन्होंने करीब 40 करोड़ रुपये में 25,000 वर्ग फुट का एक और प्लॉट खरीदा था, जो इसी प्रोजेक्ट के पास बताया जाता है. वहीं साल 2024 में भी उन्होंने ‘द सरयू’ प्रोजेक्ट में करीब 10,000 वर्ग फुट की जमीन करीब 14.5 करोड़ रुपये में ली थी. अब अयोध्या में उनका यह तीसरा बड़ा निवेश है. सिर्फ अयोध्या ही नहीं, बल्कि बिग बी ने महाराष्ट्र के अलीबाग में भी जमीन खरीदी है. वहां उन्होंने ‘सोल दे अलीबाग’ नाम के प्रोजेक्ट में लगभग 10 करोड़ रुपये का प्लॉट लिया था. इस प्रोजेक्ट में बॉलीवुड के कई सितारे भी निवेश कर चुके हैं, जिनमें कृति सेनन और कार्तिक आर्यन का नाम शामिल हैं.
.