हाल ही में ये खबर आई कि मशहूर निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने अपनी फिल्म ‘दोस्ताना 2’ के लिए विक्रांत मैसी और लक्ष्य को फाइनल कर लिया है. फैंस इस फिल्म को देखने के लिए काफी उत्साहित हैं. कई सालों से इस फिल्म की चर्चा चल रही थी. अब फिल्म ‘दोस्ताना 2’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक अब फिल्म में लीड एक्ट्रेस भी फाइनल हो गई है.
सिनी शेट्टी को मिला लीड रोल
धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म ‘दोस्ताना 2’ को अब अपनी फीमेल लीड मिल गई है. वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार पूर्व मिस इंडिया वर्ल्ड सिनी शेट्टी को लक्ष्य और विक्रांत मैसी के साथ रोमांटिक कॉमेडी में लीड रोल के लिए फाइनल किया गया है. सिनी ने 2022 में मिस इंडिया वर्ल्ड का ताज जीता था. वे मुंबई की रहने वाली हैं और कर्नाटक से ताल्लुक रखती हैं.
सिनी का बैकग्राउंड और एक्टिंग का सपना
सिनी ने अकाउंटिंग और फाइनेंस में ग्रेजुएशन किया है और भरतनाट्यम में भी ट्रेनिंग ली है. एक्टिंग उनका लंबे समय का सपना था और अब वो धर्मा प्रोडक्शंस के बड़े बैनर के साथ बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं. मेकर्स ने तीन नामों पर विचार करने के बाद सिनी को चुना है. दिलचस्प बात ये है कि पहले ‘दोस्ताना’ में भी प्रियंका चोपड़ा मिस इंडिया वर्ल्ड विजेता थीं और अब सीक्वल में भी एक ब्यूटी क्वीन को लीड रोल मिला है.
फिल्म की शूटिंग और बदलाव
साल 2019 में कार्तिक आर्यन, लक्ष्य और जाह्नवी कपूर के साथ ‘दोस्ताना 2’ की शूटिंग शुरू हुई थी. 20 दिन शूटिंग के बाद इसकी शूटिंग बंद हो गई थी. अब लक्ष्य लीड में बने हुए हैं विक्रांत मैसी कार्तिक की जगह लेंगे और सिनी शेट्टी जाह्नवी की जगह आएंगी. शूटिंग इस साल के तीसरे क्वार्टर में शुरू होने वाली है. सिनी ने एक छोटी बजट की थ्रिलर फिल्म भी साइन की है लेकिन उसकी डिटेल्स अभी सामने नहीं आई हैं.
‘दोस्ताना’ का सीक्वल
‘दोस्ताना 2’, साल 2008 में आई फिल्म ‘दोस्ताना’ का सीक्वल है. पहले फिल्म का निर्देशन तरुण मनसुखानी ने किया था और करण जौहर ने धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले इसका निर्माण किया था. ‘दोस्ताना’ में अभिषेक बच्चन, जॉन अब्राहम और प्रियंका चोपड़ा मुख्य भूमिकाओं में थे.
.