बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर उदित नारायण इन दिनों काफी चर्चा में बने हुए हैं. उदित नारायण की पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने उदित के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है. जिसके चलते एक्टर एक बार फिर से काफी लाइम लाइट में आ गए हैं. उदित की पहली पत्नी रंजना खुद के लिए इंसाफ चाहती हैं. उन्होंने बताया है कि वो बहुत बीमार हैं और उन्हें मदद की जरूरत है.
उदित नहीं करते वादा पूरा
रंजना नारायण झा ने सुपौल थाना में शिकायत दर्ज की है. इस दौरान उन्होंने मीडिया के साथ भी बातचीत की है. टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक रंजना झा ने बताया कि, ‘आप सभी जानते हैं कि उदित नारायण जी वादा करते हैं लेकिन उसे पूरा नहीं करते हैं. उन्होंने अब तक कुछ भी नहीं किया है, इसी वजह से मैं महिला पुलिस थाने में कंम्प्लेंट दर्ज करवाने आई हूं. मैं भी न्याय की हकदार हूं.’
बीमार हैं रंजना
इस दौरान रंजना ने ये भी बताया कि वो इन दिनों लगातार बीमार रहती हैं और उन्हें सपोर्ट की जरूरत है. रंजना ने कहा, ‘मैं आजकल काफी बीमार रहती हूं और मुझे सपोर्ट की जरूरत है. लेकिन उदित नारायण कुछ नहीं कहते हैं और ना ही कुछ कर रहे हैं. वो हाल ही में गांव आए थे और एक बार फिर से वादे करके वापस चले गए. इसलिए मुझे दोबारा कम्प्लेंट करने आना पड़ा.’ रंजना ने ये भी बताया कि ये मामला कोर्ट में लंबित है, सिंगर उदित वहां आते हैं लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया जाता है.
बता दें कि रंजना नारायण झा उदित नारायण की पहली पत्नी हैं. दोनों की शादी 7 दिसंबर 1984 में हुई थी. लेकिन उदित ने साल 1985 में ही दूसरी शादी कर ली थी. उन्होंने दूसरी शादी के लिए पहली पत्नी को तलाक भी नहीं दिया था. रंजना अब भी उनकी पत्नी हैं और ऐसे में उदित नारायण की जिम्मेदारी भी हैं. उदित और रंजना के कोई बच्चे नहीं हैं, जबकि दूसरी पत्नी से उदित का एक बेटा है आदित्य नारायण. जो मशहूर सिंगर और होस्ट हैं.
.