कौन रहा अहमदाबाद में भारत की हार का सबसे बड़ा विलेन? जानें किसने डुबोई टीम इंडिया की लुटिया

कौन रहा अहमदाबाद में भारत की हार का सबसे बड़ा विलेन? जानें किसने डुबोई टीम इंडिया की लुटिया


भारतीय टीम सुपर-8 का पहला मैच हार गई है. दक्षिण अफ्रीका द्वारा मिले 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया 111 रनों पर ढेर हो गई. टीम इंडिया की हार की एक मुख्य वजह अभिषेक शर्मा भी बने. एक तरफ लगातार तीन बार ‘0’ पर आउट होने का दबाव, दूसरी ओर सुपर-8 जैसे बड़े मैच का दबाव. इसी दबाव तले अभिषेक फिर से फ्लॉप हो गए. अभिषेक अगर ठीक समय पर सूझबूझ भरे अंदाज में बैटिंग करते तो शायद भारतीय टीम की जीत के चांस बढ़ जाते.

अभिषेक शर्मा हार की वजह, कैसे?

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के लिए मददगार होती है, इसलिए दक्षिण अफ्रीका ने 187 रन बनाए, यह कोई चौंकाने वाला विषय नहीं था. अब बाकी काम भारतीय बल्लेबाजों को करना था.

सामने 188 का लक्ष्य था, इन-फॉर्म बल्लेबाज ईशान किशन पारी की चौथी ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हो गए. अगला ओवर आया, मार्को जानसेन ने तिलक वर्मा को भी चलता किया. टीम इंडिया 5 रन पर 2 विकेट गंवा चुकी थी. अभिषेक के पास मौका था कि वो सधे हुए अंदाज में बैटिंग करते हुए सूझबूझ भरी पारी खेलें और टीम को मुश्किल से बाहर निकालें.

नासमझी भरा शॉट

स्कोर 5/2 था, तिलक के आउट होने के बाद जैसे ही अभिषेक शर्मा को अगली गेंद मिली उन्होंने बल्ला घुमाना शुरू कर दिया. जब टीम इंडिया गेंदबाजी कर रही थी, तब भी देखा गया था कि पिच में असामान्य उछाल है, इसका खासतौर पर जसप्रीत बुमराह ने वेरिएशन के जरिए खूब फायदा उठाया. दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज भी परिस्थितियों का फायदा उठाना चाह रहे थे और अभिषेक लगातार हवा में बल्ला घुमाकर फ्री में अपना विकेट देने के चक्कर में थे.

असल में हुआ भी यही. मार्को जानसेन ने गेंद पर उंगलियां फिराईं और अभिषेक का बल्ला घूमा. चूंकि जानसेन ने स्लोवर गेंद फेंकी थी, इसलिए अभिषेक के शॉट की टाइमिंग गलत हो गई. अब अफ्रीका वाले कहां इतना बड़ा कैच छोड़ने वाले थे.

कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद आमिर ने अभिषेक शर्मा को ‘लप्पेबाज’ कहकर संबोधित किया था. मगर भारतीय सलामी बल्लेबाज ने अपरिपक्व अंदाज में शॉट लगाते हुए आमिर की बात को कहीं ना कहीं सही साबित किया है. तिलक और ईशान के जल्दी आउट होने के बाद अभिषेक को सुनिश्चित करना चाहिए था कि वो कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर कम से कम 40-50 रनों की पार्टनरशिप करके भारत की मैच में वापसी करवाएं.

.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *